अवैध रेत उत्खनन के 11 मामलों में तीन लाख 34 हजार रूपये का अर्थदंड
उक्त प्रकरणों में वाहनों को जप्त कर खान एवं खनिज सहित गौण खनिज के विभिन्न अधिनियमों अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा। खनिज विभाग द्वारा गौण खनिज आधारित क्षेत्रों से रेत के अवैध परिवहन, रायल्टी चोरी, उत्खनन एवं भंडारण पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इस के लिए जिले के नगरीय निकाय सहित ग्रामीण क्षेत्रों पर खनिज अमलो की तैनाती कर नियमित कार्रवाई की जा रही है। खनिज अधिकारी ने बताया कि गौण खनिज रेत की रायल्टी चोरी की रोकथाम के लिए विभागीय अमला ने उरगा, कनकी, कुरूडीह, बरमपुर, ईमलीडुग्गु भिलाईखुर्द आदि स्थानों से विगत 30 मार्च से एक अप्रैल तक कुल 11 प्रकरण दर्ज किया है।
जिसके अंतर्गत गौण खनिज रेत के छह प्रकरण दर्ज कर एक लाख 32 हजार 693 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया है। गौण खनिज पत्थर के पांच प्रकरण में आरोपित राशि दो लाख एक हजार 414 रुपये वसूल किया गया। इस प्रकार कुल 11 प्रकरणों में कुल तीन लाख 34 हजार 160 रुपये अर्थदंड वसूल कर खनिज आय मद में जमा किया गया है। उक्त प्रकरणों में वाहनों को जप्त कर खान एवं खनिज सहित गौण खनिज के विभिन्न अधिनियमों अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।



