खरसिया में चोरी के 11 लाख के जेवर के साथ युवक गिरफ्तार
बताया कि 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर सभी जगह कार्यक्रम हो रहा था। उसने प्लानिंग कि इस दिन सभी कार्यक्रम में व्यस्त होंगे तभी वारदात को अंजाम देगा।
रायगढ़। पुलिस चौकी खरसिया की टीम ने पिछले माह चंदन तालाब रोड़ भगत कॉलोनी में अमन अग्रवाल के घर हुई चोरी मामले के आरोपित को चोरी की शत प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित से खरसिया और रायगढ़ क्षेत्र से नकदी समेत चोरी की करीब 11 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात को बरामद किया है।
एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुने मकान में चोरी की शिकायत अमन अग्रवाल पिता कैलाश अग्रवाल निवासी चंदन तालाब रोड़ भगत कॉलोनी खरसिया ने 24 जनवरी को पुलिस चौकी खरसिया में की थी। उसके घर से 22 जनवरी की रात चोर अलमारी में रखे सोने की अंगुठी, पेण्डल सेट, चैन, कंगन, चांदी का पायल, बिछिया, बच्चे का चांदी का कडा और नगदी ₹25 हजार रुपये की चोरी होने की जानकारी दी थी। इस पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध पुलिस चौकी खरसिया में नकबजनी का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी संजय महादेवा व एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के कुशल मार्गदर्शन पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक सौरभ द्विवेदी के नेतृत्व में माल मुल्जिम की पतासाजी के लिए चौकी खरसिया के सहायक उप निरीक्षक पृथ्वीराज मोहंती, प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्री, अशोक देवांगन, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, सोहन यादव, मुकेश यादव की टीम बनाकर लगाया गया। अपराध पंजीबद्ध के बाद से ही पुलिस टीम लगातार घटनास्थल के पास तथा खरसिया शहर में लगे विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये। के एक फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति टोपी पहने, मुंह को गमछे से छुपाया हुआ देखा गया
फुटेज में संदेही की पहचान स्पष्ट नहीं होने से पुलिस टीम द्वारा मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही आकाश जायसवाल निवासी शिवा नगर केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पीछे रायगढ़ को हिरासत में लिया गया। फुटेज के बारे में जानकारी देकर 22 जनवरी की गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करने पर आकाश ने खरसिया और रायगढ़ में चोरी का अपराध करना स्वीकार किया। बताया कि 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर सभी जगह कार्यक्रम हो रहा था। उसने प्लानिंग कि इस दिन सभी कार्यक्रम में व्यस्त होंगे तभी वारदात को अंजाम देगा। इसी उद्देश्य से 22 जनवरी को खरसिया जाकर उसने चंदन रोड तालाब स्थित एक पक्के मकान का गेट को राड से तोड़कर अलमारी का लाकर खोलकर सोना- चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम ₹25000 की चोरी करना स्वीकार किया।
इसके अलावा आरोपित आकाश जायसवाल ने रायगढ़ के सीएमओ ऑफिस के सामने भगवानपुर के पास 14 जनवरी के रात एक पक्के मकान में सोने चांदी के जेवरात और नगदी रकम करीब ₹15000 की चोरी करना स्वीकार किया है। सोने-चांदी के जेवरात को घर में छिपा कर रखना और नगद रुपये को जुए में हार जाना बताया।
आरोपित आकाश जायसवाल उर्फ बड़कू पिता सेतराम जयसवाल 28 साल निवासी शिवा नगर केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पीछे थाना कोतवाली रायगढ़ के रायगढ़ स्थित मकान से सोने चांदी के जेवरात सोने की 11 अंगूठी, सोने का दो पेंडल सेट, सोने की दो चैन, सोने का दो कंगन, चांदी के तीन जोड़ी पायल, बिछिया, बच्चे का तीन जोड़ी चांदी का कड़ा, नकदी सात हजार रुपये समेत कुल 11 लाख रुपये का माल बरामद कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया है। चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक सौरभ द्विवेदी के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पृथ्वीराज मोहंती, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री, अशोक देवांगन, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, सोहन यादव और मुकेश यादव की सक्रिय भूमिका रही।



