खुद को सीबीआइ का अधिकारी बताने वाला आरोपित गिरफ्तार
उसने अपने आपको सीबीआइ की अधिकारी भी बताया और पुलिस को सत्या रात्रे एजेंट कोड नंबर का आइ कार्ड प्रदान किया।
कोरबा। अपने आपको सेंट्रल ब्यूरो आफ इनवेस्टीगेश (सीबीआइ) का अधिकारी बताने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से सेंट्रल ब्यूरो आफ इनवेस्टीगेश (भारत सरकार सत्यमेव जयते) का फर्जी आइ कार्ड बरामद किया।
आगामी लोक सभा चुनाव 2024 एवं होली त्योहार के मद्देनजर रख पुलिस द्वारा जगह- जगह वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इस बीच साइबर सेल व दर्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काला रंग का पेंट व शर्ट पहने एक युवक अपने आपको सीबीआइ का अधिकारी बता कर लोगों को डरा रहा है और वर्तमान में गेरवाघाट की ओर से जा रहा है। पुलिस ने टीम बना कर घेराबंदी की और प्रगतिनगर दर्री के पास वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की। इस दौरान काला पेंट शर्ट पहने हुए एक युवक आता दिखाई दिया, जिसे रोक कर पुलिस ने पूछताछ की गई। तब उसने अपना नाम सत्यनारायण रात्रे उर्फ चाकनू 28 साल निवासी कुलीपोटा थाना कोतवाली जांजगीर चांपा होना बताया। उसने अपने आपको सीबीआइ की अधिकारी भी बताया और पुलिस को सत्या रात्रे एजेंट कोड नंबर का आइ कार्ड प्रदान किया।
पुलिस ने आइ कार्ड का सत्यापन किया, तो वह फर्जी निकला। पूछताछ में युवक ने पुलिस के समक्ष वास्तविकता बता दी। इस पर पुलिस ने उसके विरूद्ध प्रथम दृष्टया धारा 170, 419, 465, 467, 468, 471 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल कटघोरा भेज दिया।



