Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में आसमान से बरस रही मौत, कहर बरपा रही भीषण गर्मी की चपेट में आने से दो लोगों की गई जान

Raipur News: पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। इसके चलते प्रदेश में 2 लोगों की जान चली गई है। गर्मी के चलते रायपुर में ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी की जान गई। वहीं, बिलासपुर में एक महिला ने गर्मी के चलते दम तोड़ दिया है।

रायपुरः छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। आज गुरुवार को नौतपा के छठवें दिन लोग गर्मी से काफी परेशान हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग ने कई जिलों में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी भी दी है। यहां हीटवेव को लेकर 22 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। जहां भीषण गर्मी को अलर्ट है वहीं इसकी चपेट में आने से प्रदेश में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें ट्रैफिक व्यवस्था में लगा हुआ जवान भी भीषण गर्मी और लू के कारण आज अपने परिवार को हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर चला गया। वहीं, बिलासपुर में भी एक महिला की मौत हो गई है।

भीषण गर्मी से दो लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के भनपूरी यातायात थाना में पदस्थ ट्रैफिक पुलिसकर्मी भागीरथी कंवर की मौत हुई है। ट्रैफ़िक जवान हमेशा की तरह गुरुवार को भी ड्यूटी पर निकले थे। इस दौरान तेज गर्मी से उन्हें चक्कर आ गया। भागीरथी कंवर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की वजह हीट स्ट्रोक है या कुछ और फिलहाल पीएम के बाद ही पता चल पाएगा।

लू का कहर नहीं झेल पाई महिला
बिलासपुर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। यहां पारा 46 डिग्री के पार ही दर्शा रहा है। गर्मी की वजह से यहां बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर के आंगन में बेहोश हो गई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिम्स में पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

नवतपा में जमकर पड़ रही गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में तेज धूप के साथ ही हीटवेव चल रही है। राजधानी रायपुर में सूरज देवता जमकर कहर बरपा रहे हैं। दिनभर की गर्मी के बाद शाम को भी गर्म हवाएं चल रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स में पोस्ट कर लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह कर चुके है। मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है।

हीट वेव को लेकर जारी हुआ अलर्ट
दुर्ग,बिलासपुर और रायपुर में हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं रात के समय भी तापमान ज्यादा रहेगा। इसी के साथ मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले 2 दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।


Suraj Tandekar

Chief Editor

Related Articles

Back to top button