छत्तीसगढ़ में बारिश से तबाही, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से नौ की मौत, उफनती नदी में तिनके की तरह बह गई कार
छत्तीसगढ़ में मानसून का दूसरा दौर कहर बरपा रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के कारण कई जानलेवा घटनाएं हुई हैं। इनमें आकाशीय बिजली गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि अंबिकापुर के मैनपाट में बाढ़ की चपेट में आकर एक कार बह गई। राहत की बात यह है कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए!
the Bharat Times 24 news रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों बारिश का दौर एक बार फिर जारी है। प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में पिछले 24 घंटे में नौ लोगों की मौत की खबर सामने आई है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई है। वहीं अंबिकापुर के मैनपाट के कदनई नदी में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से कार तिनके की तरह बह गई। पानी के तेज बहाव में कार काफी दूर बह गई। कार में सवार दो युवक किसी तरह जान बचाकर उफनती नदी से बाहर निकले।
इधर, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे से 48 घंटे तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर व सुकमा में आरेंज अलर्ट व कोरिया, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद व कबीरधाम में यलो अलर्ट जारी किया है।
मानसून ब्रेक के बाद छत्तीसगढ़ में रविवार को बारिश आसमानी आफत बनकर बरसी। बलौदाबाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहतरा (लटुवा) गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रविवार को सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों के नाम सुरेश साहू, संतोष साहू, पप्पू साहू, पोखाराम विश्वकर्मा, थानेश्वर साहू, देवदास, विजय साहू है। वहीं, चेतन साहू, बिंदराम साहू और बिसंभर साहू घायल हो गए।
रविवार को दोपहर में सभी ग्रामीण तालाब के पास एक पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर दीपक सोनी से पूरी जानकारी ली। सोमवार को कलेक्टर को मृतक के स्वजन को चार-चार लाख रुपये मुआवजा राशि देने के निर्देश दिए। इधर, कांकेर जिले के अंतागढ़ में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 मवेशी मारे गए हैं।
वहीं नया रायपुर में जंगल सफारी के पास आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत हो गई। इनके साथ एक बच्ची भी थी, जो बाल-बाच बच गई। बताया जा रहा है कि तीज पर मायके आई बहन उर्वशी साहू और भांजी को छोड़ने के लिए रायपुर निवासी योगेश साहू कोपरा जा रहा था। रास्त में बारिश होने पर वे लोग जंगल सफारी के पास शेड के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों भाई-बहन झुलस गए।
नदी में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से तिनके की तरह बह गई कार
अंबिकापुर से गए युवकों की कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल के नीचे गिर गई। पानी के तेज बहाव में कार काफी दूर बह गई। कार में सवार दो युवक किसी तरह जान बचाकर उफनती तीन नदी से बाहर निकले। घटना रविवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। नदी में कार बहने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है अंबिकापुर के युवक कदनई किसी काम से गए थे। वापस लौटते समय यह घटना हुई।
सात ग्रामीणों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं मृतकों के स्वजन के साथ है।



