भाजपा ने मनोज यादव को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष

The Bharat times news 24 कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए युवा नेता मनोज यादव को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद दर्री क्षेत्र सहित पूरे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
मनोज यादव लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। उन्होंने पहले भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे दर्री मंडल के महामंत्री और भाजपा जिला मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और कार्यशैली को हमेशा सराहा गया है।
दर्री क्षेत्र में मनोज यादव की पहचान एक जमीनी नेता के रूप में मानी जाती है। युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है और वे स्थानीय मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। पार्टी के कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों में उनकी भागीदारी उन्हें संगठन के मजबूत कार्यकर्ताओं में शामिल करती है।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के विश्वासपात्र माने जाने वाले मनोज यादव की यह नियुक्ति संगठन को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से कोरबा जिले में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नियुक्ति के बाद मनोज यादव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।




