महुआ संग्रहण कर रही वृद्धा पर भालू के हमले से मौत
मानिकपुरी ने बताया कि मृतक के स्वजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25,000 रूपये प्रदान की गई। मामले की जानकारी वन मंडलाधिकारी को भेजी गई है।
कोरबा। कटघोरा वन मंडल के ग्राम गोलाबहरा के निकट जंगल में सुबह छह बजे महुआ संग्रहण करने गई बुजुर्ग महिला पर भालू ने हमला कर दिया। महिला के सहयोगियों ने भालू को किसी तरह वहां से भगाया। संजीवन के माध्यम से महिला को उपचार के लिए पसान अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इन दिनों जंगल में महुआ का फूल झड़ने लगा है। संग्रहण के लिए खासी संख्या में लोग पेड़ के नीचे पहुंचने लगे हैं। महुआ एक ऐसा वनोपज है जो हाथी के साथ भालुओं को भी प्रिय है। चारा की तलाश में पेड़ के नीचे आने हमले की आशंका बनी रहती है। बुधवार को हुई घटनाक्रम के अनुसार ग्राम गोलाबहरा निवासी मंगली बाई 70 वर्ष सुबह के समय निकट के जंगल महुआ संग्रहण करने गई थी। महुआ संग्रहित करने में तल्लीन थी। इस दौरान एक भालू ने उसके पीछे से हमला कर दिया।
बुजुर्ग होने के कारण वह भाग नहीं सकी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। भालू ने उसके पैर और पीठ को पंजे काटकर रक्त रंजित कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास महुआ संग्रहित कर रहे लोग इकट्ठा हो गए। एक साथ कई लोगों को अपनी ओर आते देख कर भालू जंगल की भाग गया। मंगलीबाई दर्द से कराह रही थी। सहयोगियों ने वनपाल ईश्वर मानिकपुरी को इसकी सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंचे मानिकपुरी ने संजीवनी को काल कर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मानिकपुरी ने बताया कि मृतक के स्वजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25,000 रूपये प्रदान की गई। मामले की जानकारी वन मंडलाधिकारी को भेजी गई है।



