रस्सी से बांध कर आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म, अंतिम सांस तक जेल में रहेगा कैद
Korba Crime News : रस्सी से हाथ-पैर बांधकर आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले 72 साल के आरोपित को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोषी को अंतिम सांस तक जेल में जिंदगी गुजारनी होगी।
कोरबा। रस्सी से हाथ-पैर बांधकर आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले 72 साल के आरोपित को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोषी को अंतिम सांस तक जेल में जिंदगी गुजारनी होगी।
अतिरिक्त लोक अभियोजन अधिकारी अरूण कुमार ध्रुव ने बताया कि 13 जून 2023 को आठ साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इस बीच जगन्नाथ प्रसाद कर्ष 72 वर्ष की उस पर नजर पड़ी। उसने बच्ची को बहलाते हुए अपने पास बुलाया और घर ले जाकर रस्सी से हाथ पैर बांध कर बाथरूम में बंद कर दिया। वहां उसके साथ उसने दुष्कर्म किया और छोड़ दिया। घर पहुंची बच्ची ने घटना की कोई जानकारी स्वजनों को नहीं दी। तीन दिन बाद उसे दर्द हुआ तो मां ने पूछताछ की। तब जाकर इस घटना का पर्दाफाश हुआ। बच्ची के स्वजनों द्वारा मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व बाल संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार करने की कार्रवाई की। मामले की सुनवाई कोरबा के फास्ट ट्रैक कोर्ट में चली। यहां अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा ने आरोपित जगन्नाथ प्रसाद को दुष्कर्म का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है।



