विकसित भारत बनाने के संकल्प को पहुंचाना है हर नागरिक तक
विकसित भारत के संकल्प को हर नागरिक तक पहुंचाना है और अपनी सोच तथा विश्वास को सकारात्मक रखते हुए जीवन शैली का बेहतर बनाने के साथ विकास की राह में आगे बढ़ना है।
कोरबा !विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आज कोरबा विकासखंड के ग्राम कुरूडीह में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के संयुक्त सचिव संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिविर की गतिविधियां देखीं और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय कुमार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि भारत को 2047 तक विकसित बनाना है। यह काम केंद्र सरकार और राज्य सरकार सहित जिला प्रशासन के सहयोग से संभव है। शिविर के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना है। इसलिए आप सभी योजनाओं का लाभ उठाते हुए विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को हर नागरिक तक पहुंचाना है और अपनी सोच तथा विश्वास को सकारात्मक रखते हुए जीवन शैली का बेहतर बनाने के साथ विकास की राह में आगे बढ़ना है
ग्राम कुरूडीह में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में मोदी की गारंटी अंतर्गत प्रचार रथ एवं विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। शिविर में संयुक्त सचिव कुमार ने यह भी कहा कि हमारी कोशिश है कि यात्रा के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड के अलावा अन्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही इसका लाभ उठाने कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवार अधिकारियों से संपर्क करके भी योजनाओं का लाभ पा सकते हैं। इसके साथ ही वे अपने आसपास जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं की जानकारी प्रदान कर सकते हैं
योजनाएं आपके लिए बनी हैं, लाभ उठाइए – कलेक्टर
शिविर में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि किसी भी योजना का लाभ उठाने से पहले योजनाओं के बारे में जानना भी जरूरी है। यह योजनाएं आपके लिए बनी है, आप जागरूक बनिए और योजनाओं का लाभ उठाते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करिए। उन्होंने कहा कि शिविर में भारत सरकार एवं राज्य सरकार योजनाओं की जानकारी अधिकारियों के माध्यम से प्रदान की जा रही है। शिविर का उद्देश्य योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित करना है।



