Korba Sankalp Yatra News: विकसित भारत संकल्प यात्रा में 30 हजार आयुष्मान कार्डो का होगा वितरण
शिविर में उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के केवाइसी का कार्य भी किया जाएगा तथा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी भराए जाएंगे।
कोरबा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का महत्वाकांक्षी व जनकल्याणकारी मिशन विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत नगर पालिक निगम तथा जिले के अन्य निकाय क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों व चिन्हांकित स्थलों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आयुष्मान कार्ड का वितरण, आधार कार्ड अपडेशन, उज्ज्वला योजना की केवाइसी समेत भारत सरकार के विविध योजनाओं के आवेदन हितग्राहियों से लिए जाएंगे। साथ ही हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे तथा नागरिकों का निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार इलाज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप मिशन विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कलेक्टर सौरभ कुमार के मार्गदर्शन एवं आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में नगर निगम तथा जिले के अन्य नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। नोडल अधिकारी एवं अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि निगम क्षेत्रांतर्गत 22 दिसंबर तक निर्धारित स्थलों पर शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 22 दिसंबर को ही नगर पंचायत छुरी में, 23 दिसंबर को दीपका तथा पाली एवं 24 दिसंबर को कटघोरा में शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होने बताया कि आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान 30 हजार आयुष्मान कार्डो का वितरण किया जाएगा, इसके साथ ही ऐसे आधार कार्डधारियों के जिनके आधार कार्ड बने, 10 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उनके कार्डो का अपडेशन का कार्य भी किया जाएगा। खजांची ने बताया कि शिविर में उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के केवाइसी का कार्य भी किया जाएगा तथा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी भराए जाएंगे।
इन स्थानों व तिथियों में लगेंगे शिविर
16 दिसंबर को वार्ड 25 मुड़ापार बाजार स्थित पौनी पसारी स्थल में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक, वार्ड 45 आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल दर्री में दोपहर 2.30 से शाम 6.30 बजे तक शिविर लगेंगे। 17 दिसंबर को वार्ड 60 धरमपुर स्कूल मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक व वार्ड 54 दुरपा हाई स्कूल मैदान के पास दोपहर 2.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। 18 दिसंबर को वार्ड 51 प्रतीक्षा बस स्टैंड दर्री में सुबह 10 से दोपहर दो बजे व वार्ड 67 गजरा मैदान बांकीमोंगरा में दोपहर 2.30 से शाम 6.30 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे। इसी तरह सभी वार्डों में अलग- अलग दिन शिविर लगाए जाएंगे।



