Korba Crime News: चोरी का ट्रेलर काट कर बेच देता था रायपुर का कबाड़ी
साथ ही एक अन्य वाहन खरीदार की पतासाजी की जा रही है, जिसे जल्द ही प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोरबा जिले में लगातार हो रही ट्रेलर चोरी की घटना से पुलिस की नींद उड़ गई थी। मामले में जांच के बाद आखिरकार पुलिस ने चार आरोपित व दो खरीदार को पकड़ने में सफलता हासिल की। अंतरजिला इस गिरोह ने जिले से चार वाहन की चोरी करना स्वीकार किया। आरोपितों से पुलिस ने एक देशी कट्टा, बोलेरो व बाइक भी बरामद किया है।
ट्रांसपोर्ट नगर में महिंद्रा शोरूम के सामने से छह दिसंबर की रात ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एस 1305 की चोरी किसी अज्ञात चोर ने कर लिया। मामले की रिपोर्ट मोहम्मद मंसूर अंसारी ने पुलिस में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 379 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि लगातार ट्रेलर चोरी होने से ऐसा लगने लगा था कि कोई चोर गिरोह इस घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दे रहा है। इसलिए आरोपितों को पकड़ने चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवीन पटेल व सायबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजय सोनवानी व साइबर सेल कोरबा टीम को निर्देश दिया गया था।
टीम ने घटनास्थल का अवलोकन कर आस पास में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और संदिग्धों की जानकारी ली। संदिग्धों की जानकारी मिलते पर साइबर सेल टीम के सहयोग से संदिग्ध आरोपितों की पतासाजी की गई। इसके साथ ही मुख्य आरोपी भोलेष पाल 25 साल निवासी हास्पिटल रोड दर्राखांचा थाना हरदीबाजार, उसके साथी विनोद कुमार आदित्य 35 साल साल कहरापारा बलौदा थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा, संदीप कुमार राय 28 साल निवासी बाजारपारा बलौदा थाना बलौदा एवं किर्ती कुमार शर्मा उर्फ यश 28 साल निवासी खिसोरा थाना बलौदा हाल मुकाम वार्ड नंबर 52 अशोकनगर थाना सरकंडा जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
टालमटोल के बाद आरोपितों ने ट्रेलर चोरी करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीपी नगर कोरबा से ट्रेलर कमांक सीजी 12 एस 1837 को 22 फरवरी 2023 एवं ट्रेलर कमांक सीजी 12 एस 1305 को तीन दिसंबर 2023 को स्याहीमुड़ी, दर्री से 13 फरवरी 23 को ट्रेलर क्रमांक सीजी 22 ए सी 6619 व एसीबी कोलवासरी के सामने दीपका से 26 नवंबर को ट्रेलर कमांक सीजी 12 एस 6013 को चोरी किया। उक्त सभी वाहन को गाजी खान तथा रासीद खान उर्फ बाबू निवासी सरोरा बस्ती उरला जिला रायपुर के पास बिक्री करना बताया। इसके आधार वाहन खरीददार गाजी खान 44 साल निवासी नयापारा फूल चौक वार्ड नंबर 49 थाना गोलबाजार जिला रायपुर व रासिद खान उर्फ बाबू 51 साल निवासी गाजीनगर बीरगांव वार्ड क्रमांक 30 रायपुर थाना उरला जिला रायपुर को पकड़ा। दोनों ने पूछताछ में आरोपितों से चार ट्रेलर वाहन क्रय करना स्वीकार किया।



