रोजगार को लेकर भू- विस्थापित कुसमुंडा में करेंगे प्रदर्शन
Korba News : कुसमुंडा क्षेत्र के भू-विस्थापित किसान नियमित रोजगार देने की मांग पर एसईसीएल के कुसमुंडा मुख्यालय के सामने एक जनवरी को प्रदर्शन करेंगे। कुसमुंडा महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोरबा । कुसमुंडा क्षेत्र के भू-विस्थापित किसान नियमित रोजगार देने की मांग पर एसईसीएल के कुसमुंडा मुख्यालय के सामने एक जनवरी को प्रदर्शन करेंगे। कुसमुंडा महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भू- विस्थापितों को नियमित रोजगार देने की मांग पर पिछले 789 दिन से किसान सभा की अगुवाई में भू- विस्थापित रोजगार एकता संघ के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरने दिया जा रहा है। इस बीच कई बार खदान बंदी कर आंदोलनकारी गिरफ्तार भी हुए। एसईसीएल प्रबंधन ने कई बार भू विस्थापितों को रोजगार देने का लिखित वादा भी किया था, लेकिन इसमें कभी एसईसीएल ने वायदा पूरा करने का काम नहीं किया।छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेता प्रशांत झा, दीपक साहू और भू- विस्थापित रोजगार एकता संघ के रेशम यादव, दामोदर श्याम, रघु ने कहा कि इस क्षेत्र में वर्ष 1978-2004 के मध्य भूमि का अधिग्रहण किया गया है, उस वक्त की पुनर्वास नीति के तहत रोजगार देने की उनकी मांग जायज है। यदि एसईसीएल ने उन्हें समय पर रोजगार नहीं दिया है, तो इसके लिए प्रबंधन जिम्मेदार है, न की भू- विस्थापित। पुरानी नीति से मुआवजा और नई नीति से रोजगार की एसईसीएल की पेशकश आंदोलनकारियों को स्वीकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसईसीएल प्रबंधन भू विस्थापितों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भू विस्थापित जमीन के बदले रोजगार मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे। किसान सभा के जिला सचिव प्रशांत झा ने कहा कि कुसमुंडा के भू-विस्थापित अपने परिवार के साथ अपनी जमीन के बदले रोजगार की मांग को लेकर एसईसीएल कुसमुंडा मुख्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान प्रमुख रूप से बृजमोहन, जय कौशिक, सनत, दीनानाथ, अनिल बिंझवार, मोहन यादव, हरिहर पटेल, उत्तम दास, माणिक दास, होरी, फणींद्र, हेमलाल, नरेंद्र, गोरे लाल, जितेंद्र, अनिरुद्ध, विजय, रामखिलावन, कृष्णा, चंद्र शेखर, रवि कांत, गणेश राम, डुमन, उपस्थित रहे।



