सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी ज्वेलरी समेत लाखों का माल पार, सीसीटीवी में कैद करतूत
कोरबा के कटघोरा नगर के वार्ड नं छह मोहलाइनभाँटा में आज आधी रात दो अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये समेत सोने चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
कोरबा के कटघोरा नगर के वार्ड नं छह मोहलाइनभाँटा में आज आधी रात दो अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये समेत सोने चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पुरी वारदात घर के सामने बने मकान में लगे सीसीटीवी में पूरी कैद हो गई। घटना की जानकारी होने पर लोगों ने इसकी सूचा पपुलिस को दी। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दरअसल कटघोरा के वार्ड नं छह मोहलाइनभाँटा निवासी ऋषभ राठौर व राहुल राठौर अपनी माता के साथ उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन के लिए दो दिन पूर्व 11 जनवरी को गये हुए हैं। इसी बीच बीती रात लगभग एक बजे दो अज्ञात चोरों द्वारा घर के सामने के गेट का ताला तोड़कर उसके पश्चात भीतर का भी दरवाजा तोड़कर घर के भीतर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। वहीं जब आज सुबह आसपास के पड़ोसियों ने लगभग 10 बजे गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो उन्हें शंका हुई तब उन्होंने भीतर जाकर देखा तो घर के सामने का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और भीतर का सामान बिखरा हुआ देख पड़ोसियों ने कटघोरा पुलिस को फोन द्वारा सूचना दी गई।
इसी बीच ऋषभ के मित्र आकाश मानकर जो कि वही निवासरत है उन्होंने इस घटना की जानकारी ऋषभ को दी तो इस खबर से उनके होश उड़ गए और उनके बताने के अनुसार घर पर लाख रुपये से अधिक की रकम घर के आलमारी में रखी हुई थी और सोने चांदी के आभूषण भी रखे हुए थे। इससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि चोरों ने नगदी समेत लाखों रुपये पर हांथ साफ किया है। लेकिन इस घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में एक आरोपी एक पैर से लंगड़ा रहा है और दोनों आरोपी मुंह मे मफलर बांधकर आये थे। लेकिन अंधेरा होने के कारण आरोपियों का चेहरा स्पष्ट नही हो पा रहा है।
कटघोरा थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि मकान मालिक को इसकी सूचना दी गई है। वापस आने के बाद ही पता चल सकेगा की कितनी की चोरी हुई है। फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पत्रकार के घर चोरी
कटघोरा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों में दूसरी बड़ी चोरी है। लगातार दूसरे दिन कटघोरा नगर के पत्रकार के सूने मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस के गस्त पर लोग सवाल खड़ा कर रहे है। कल रविवार को स्थानीय पत्रकार अशोक दुबे अपने परिवार के साथ अपनी बेटी को पढ़ाई के सिलसिला में अहमदाबाद छोड़ने गए और सोमवार की सुबह चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने आधी रात घर का ताला तोड़कर घर के भीतर रखे सभी आलमारीयों में हांथ साफ कर दिया है।
सुबह जब पड़ोसियों को इस घटना की जानकारी हुई तो इसकी सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी गई जहां पुलिस मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली देखा कि घर के अंदर अलमारी टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। वहीं घर पर लगे सीसीटीवी के रिसीवर को भी उठा ले गए। पुलिस ने मकान मालिक को फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी जहां मकान मालिक का भाई मौके पर पहुंचे।
कटघोरा थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई शुरू की। वहीं चोरों को पकड़ने डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। डॉग मास्टर सुनील गुप्ता और डॉग बाघा मौके पर पहुंचे और बाघा को सेंट दिया गया जिसके बाद बाघा घटना स्थल से कुछ दूरी पर जाकर रुक गई जिसके आधार पर पुलिस को संदेह हुआ और आसपास पूछताछ शुरू कर दी है।



