मुख्य अतिथि की आसंदी से जन समूह को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृत संकल्पित है।
कोरबा। प्रदेश की विष्णुदेव साय की सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास के साथ चल रही है। इसके लिए याेजनाओं जन-जन तक पहंचाने के लिए पहल की जा रही है। भगवान शंकर की पावन नगरी में जिला सहित पूरे राज्य की मंगल कामना करता हूं।
यह बात श्रम मंत्री लखन लाल ने पाली महोत्सव के शुरूआत के दौरान कही। आयोजन की शुरूआत उपमुख्यमंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में होना था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। मुख्य अतिथि की आसंदी से जन समूह को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृत संकल्पित है। कार्यक्रम की शुरूआत छत्तीसगढ़ महतारी व भारत माता के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करने के बाद किया। विशिष्ठ अतिथि के तौर पर पहुंची राज्य सभा सदस्य सरोज पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस तरह का महोत्सव सांस्कृति समरूपता को समृद्धि प्रदान करता है। यहां बताना होगा कि भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन का विरोध किया था। भाजपा नेताओं के पहुंचने के बाद विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं से चर्चा हुई। समझाइस के बाद कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम भी काफी विलम्ब शुरू हुआ, कार्यक्रम शुरू होने के बाद भी दर्शक दीर्घा खाली नजर आया। कार्यक्रम में आसपास के लोग ही पहुंच रहे थे।
गायिका सोना के सुरीले गीतों ने दर्शकों का मन मोहा
अतिथियो के आने से पहले हास्य कवि सुरेंद्र दुबे व उनकी टीम ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रात को अतिथियों के पहुंचने के बाद कार्यक्रम शुरू करने की औपचारिकता पूरी की गई। इसके बाद एक बार फिर कार्यक्रमों का सिलिसला शुरू हुआ। बालीवुड गायिका सोना महापात्रा ने अपनी प्रस्तुति दी। सोना के सुरीले गीतों ने दर्शकों का मन माेह लिया। इस मौके पर स्थानीय कलाकार थिरमनदास महंत, अनीश, दुर्गेश ने भी गीत प्रस्तुत किए। नन्ही कथक नृत्यांगना अश्विका ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।

